Wednesday, June 3, 2020

उम्र और वसन्त के रंग




जब भी बुढापा 'कॉल-बेल' बजाता है
मैं दरवाजे नहीं खोलता उसके लिए
बल्कि चला जाता हुँ 
उम्र की मकान के पिछवाड़े में
खोल लेता हूँ यादों की कोई बन्द खिड़की 
जो अरसे से खोली न गई हो
बस फिर क्या !
रोशनी से भर जाता है 
मन का हरेक कमरा
खिल उठते है वसन्त के रंग बिरंगे फूल |

आप तभी महसूस कर पातें हैं-
मिट्टी की खुशबू और फूलों के रंग
जब मन में बहती हो
प्रेम की हल्की फाल्गुनी बयार
प्रेम तो प्रेम होता है
उसकी कोई उम्र नही होती
हजारों तुफान और भूस्खलन झेलकर भी
कभी बुढ़ाता नहीं मेरा पहाड़
बाँटता रहता है हरियाली और प्यार |

मैं ईन्तजार करता हूँ हर साल
किसी के पदचापों का
जब फूलों से लद जाते है कुछेक 'पैयूँ' के पेड़ 
ढूंढता हूँ बसन्त को ...हर फूलों में
जब 'आरु' के पेड़ ओढ़ लेते हैं
झीनी सी गुलाबी ओढ़नी ... |

आप चाहें तो 
किसी से भी प्रेम कर सकते हैं
जैसा कि मैं करता हूँ
'लाली गुँरास' से प्यार |

(पैयूँ = चेरी, लाली गुँरास = लाल बुरांस या रोडोडेन्ड्रोन)



1 comment: