Saturday, June 20, 2020

पागल मन


 
                              पागल मन

दुःखों की तिजोरी तो भरी पड़ी है
पर क्यों बाँटु मैं दुःख 
जो सिर्फ मेरे अपनें हैं !
और है -
खुशियों की एक छोटी सी बचत भी
जो मैनें तिनका तिनका कर संजोया है
बस् !
बाँटता रहता हुँ उसी में से
कभी एकाध तस्वीर
जो दे सके आँखों को शीतलता
कभी दो चार मीठे शब्द
     जो घोल सके मन में मधु की मिठास  |

ढुँढता रहा |


 
         ~~ढुँढता रहा~~

मेैं ढुँढ़ता रहा दिलों को
बाजार में ....
बस्ती में....
और गाँव में |
क्या पता था -
कि खरीद चुकें हैं सौदागर
दिलों को भी थोक के भाव में |

मै ढुँढ़ता रहा आँशुओं को
टुटे दिलों के जज्बातों में
हारे हुओं के ख्वाबों में
लुटे बालपन के आँखों में |
क्या पता था -
कि बिक चुकें है वो आँशु भी
साईबर-स्पेस के खुले बाजार में

मैं ढुँढता रहा कोमल अहसासों को
बड़े बड़ों के हाथों में
दोस्तों की बातों में
रिश्तों के मोहपाशों में |
क्या पता था -
कि सरेआम खो चुके हैं वो भी
मुखौटों के इस बियाबान में !

फिर भी !
खुशियों से भर जाता हूँ
जब, कभी भी मिल जाते हैं
एकाध प्रेमिल मन
लोगों के भीड़-भाड़ में
कुछ अनबिके आँशु 
किसी के सरल आँखों में
और.....
कुछ कोमल अहसास
गिनती के आत्मीय व्यवहारों में |
२६/०९/१९

Sunday, June 14, 2020

फूल





                   ~~~फूल~~~

                   फूल कोमल है 
सुन्दर है 
है खुशबू से भरपूर 
इसलिए तो वह फूल है |

फूल प्रेम है
जीवन की मुस्कान है
है जिन्दादिली से भरपूर
इसलिए तो वह फूल है

फूल आशा  है
दुःख में दिलासा है
है उमंगों से भरपूर
इसलिए तो वह फूल है |

फूल विश्वास है
प्रेमी दिलों का उच्छवास है
है कोमल अहसासों से भरपूर
इसलिए तो वह फूल है |

फूल हल्की बयार है
सुन्दर दिलों का प्यार है
है मधु रस से भरपूर
इसलिए तो वह फूल है |

१७ /०८/२०१९

Saturday, June 13, 2020

जी चाहता है




जी चाहता है

जी चाहता है फिर से एक बार
यूँ ही किसी उँचे पेड़ पर चढ़ लूँ |

जी चाहता है फिर से एक बार
चोरी से पड़ोसी के अमरूद तोड़ लूँ

जी चाहता है फिर से एक बार
रेल की पटरियों पर सरपट दौड़ लूँ |

जी चाहता है फिर से एक बार
फिल्म देखने के लिए गुल्लक फोड़ लूँ |

जी चाहता है फिर से एक बार
पुराने किसी दोस्त से बेवजह लड़ लूँ |

जी चाहता है फिर से एक बार
पिताजी से पीट कर माँ की गोद में पड़ लूँ |

 
जी चाहता है फिर से एक बार
बेर के कटिले झाड़ में से मुट्ठी भर बेर तोड़ लूँ |

जी चाहता है फिर से एक बार
माँ के भुने हुए 'मकै' के गर्म लावा जेब में भर लूँ |
                       ***** 


Friday, June 5, 2020

पराजय

                   ~  पराजय ~

आधुनिकता के इस चकाचौंध में

धुँधली पड़ जाएँगी संस्कृतियाँ

और लुटता जाएगा सब कुछ

स...ब ......  कुछ |

शायद बच न पाए,

मेरी अपनी मातृभाषा भी!

मेरी सादगी पर भी सेंध लग चुके है जब

किस मुँह से करूँ मैं 

सुनहरे सिद्धान्तों की बातें ! ! ! 

आत्मीयता के हरित वन कट चुकें हैं

अब नहीं खिलतें  वहाँ

परस्पर प्रेम की कोमल कोपलें

विश्वास और भरोेसों के गाँव उजड़ चुके हैं

बसते जा रहें है वहाँ 

छल चतुराई और निर्ममता की जादुई शहरें

पर किस हक से करू मैं 

बड़ी बड़ी बातें !

जब कि,

मेरा मन भी थक हार कर

कर चुका है आत्मसमर्पन 

बड़े बड़े सिटी मॉल वाले

रंगीन शहर के आगे |


Wednesday, June 3, 2020

उम्र और वसन्त के रंग




जब भी बुढापा 'कॉल-बेल' बजाता है
मैं दरवाजे नहीं खोलता उसके लिए
बल्कि चला जाता हुँ 
उम्र की मकान के पिछवाड़े में
खोल लेता हूँ यादों की कोई बन्द खिड़की 
जो अरसे से खोली न गई हो
बस फिर क्या !
रोशनी से भर जाता है 
मन का हरेक कमरा
खिल उठते है वसन्त के रंग बिरंगे फूल |

आप तभी महसूस कर पातें हैं-
मिट्टी की खुशबू और फूलों के रंग
जब मन में बहती हो
प्रेम की हल्की फाल्गुनी बयार
प्रेम तो प्रेम होता है
उसकी कोई उम्र नही होती
हजारों तुफान और भूस्खलन झेलकर भी
कभी बुढ़ाता नहीं मेरा पहाड़
बाँटता रहता है हरियाली और प्यार |

मैं ईन्तजार करता हूँ हर साल
किसी के पदचापों का
जब फूलों से लद जाते है कुछेक 'पैयूँ' के पेड़ 
ढूंढता हूँ बसन्त को ...हर फूलों में
जब 'आरु' के पेड़ ओढ़ लेते हैं
झीनी सी गुलाबी ओढ़नी ... |

आप चाहें तो 
किसी से भी प्रेम कर सकते हैं
जैसा कि मैं करता हूँ
'लाली गुँरास' से प्यार |

(पैयूँ = चेरी, लाली गुँरास = लाल बुरांस या रोडोडेन्ड्रोन)